रायपुर (अविरल समाचार)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित (DCCB), रायपुर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास के नेतृत्व में वित्तीय सुदृढ़ता, किसान कल्याण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रशासनिक स्थानांतरण के तहत उनका तबादला छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक, नवा रायपुर मुख्यालय में किया गया है। उनके कार्यकाल में बैंक ने विकास के नए आयाम स्थापित किए।
बैंक ने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में लगातार 216 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया। 31 मार्च 2026 तक बैंक की कार्यशील पूंजी 8,600 करोड़ रुपये तथा जमा राशि 6,971 करोड़ रुपये से अधिक रही।
किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी वर्ष 2025-26 में 11,583 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। वहीं खरीफ अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण 2,200.16 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जो निर्धारित लक्ष्य का 102.10 प्रतिशत है।
डिजिटल सहकारिता के क्षेत्र में भी बैंक ने नई पहचान बनाई। माइक्रो एटीएम के माध्यम से 66.61 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ। समितियों में 32 प्रकार की ऑनलाइन सेवाएं और 12 जनऔषधि केंद्र शुरू किए गए।
श्रीमती व्यास के नेतृत्व में बैंक की इन उपलब्धियों को सहकारिता और किसान कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मिसाल माना जा रहा है।
